देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत बड़ा फैसला लेते हुए ‘वन क्लिक’ के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। इस दौरान राज्य के 7,56,682 पेंशनर्स के खातों में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए।
जारी की गई राशि में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन जैसी योजनाएं शामिल हैं।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है और आर्थिक-सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि समाज कल्याण योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि हर साल 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का समय रहते सर्वे कर लिया जाए, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री धामी ने योजनाओं की आय सीमा को व्यावहारिक बनाने, सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने और विभागीय नवाचारों को अन्य विभागों के साथ साझा करने पर भी जोर दिया। साथ ही बुजुर्गों और पेंशनर्स से संवाद के लिए कॉल सेंटर के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रहा है।
इस मौके पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
