देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजपुर रोड स्थित एक निजी होटल में शाइन अवी लर्निंग के ‘समावेशी शिक्षा मिशन-2030’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए तैयार की गई विजुअल लर्निंग करिकुलम आधारित पुस्तकों और शिक्षण सामग्री का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मिशन शिक्षा व्यवस्था को अधिक सरल, प्रभावी और समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य बच्चों में समझ, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और जीवन कौशल का विकास करना है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, पीएम श्री विद्यालय, अटल उत्कृष्ट विद्यालय और डिजिटल शिक्षण सामग्री जैसी योजनाओं के माध्यम से लगातार सुधार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समावेशी शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश के विद्यालयों में रैम्प, रेलिंग, सुगम शौचालय, विशेष जरूरतों के अनुरूप फर्नीचर और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के विद्यालयों में लगभग 5,800 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे पंजीकृत हैं। वहीं, राज्य के 11 विशेष विद्यालयों में 1,300 से अधिक बच्चों को विशेष शिक्षण और पुनर्वास सेवाएं दी जा रही हैं। प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा स्तर पर 300 से अधिक विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है, जबकि अन्य रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा शिक्षा तंत्र विकसित करना है, जिसमें प्रत्येक बच्चा अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल परीक्षाओं तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना आवश्यक है।
उन्होंने शिक्षाविद अनीता शर्मा और शाइन अवी लर्निंग की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विदेश से लौटकर उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार करना अन्य प्रवासियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन की सकारात्मक पहल देखने को मिल रही है। उन्होंने अपनी संस्कृति और विरासत के संरक्षण को सभी की जिम्मेदारी बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता लागू करने, सतत विकास लक्ष्यों में देश में पहला स्थान प्राप्त करने और सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेंद्र पंवार, अनीता शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
