जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों ने जब जमीन पर कब्जे की शिकायत की तो सीएम योगी ने सख्त रुख अपनाया। सीएम योगी ने तुरंत अफसरों को दबंगों और भू-माफियाओं पर कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए। लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। मुख्यमंत्री रविवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।
गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। लोगों को आश्वस्त किया कि चिंता मत करें, हर समस्या का समाधान होगा। जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि दबंगों और माफिया के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जहां जरूरत हो, वहां पैमाइश कराकर विवाद सुलझाया जाए। पारिवारिक मामलों में संवाद के जरिए समाधान निकालने को कहा।
इलाज का एस्टीमेट भेजें, पैसा सरकार देगी
इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन की कमी उपचार में बाधक नहीं बनेगी। अधिकारियों को अस्पताल का एस्टीमेट बनवाकर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। कहा कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त राशि दी जाएगी। साथ ही उन्होंने पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
मंदिर परिसर में सीएम ने बच्चों पर लुटाया प्यार, कराया अन्नप्राशन
रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नजर परिजनों के साथ मंदिर आए बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने बच्चों को अपने पास बुला लिया, उन पर खूब प्यार लुटाया। उन्होंने बच्चों से उनका नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा। उनसे ठिठोली भी की और फिर स्नेहाशीष से खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने इन सभी बच्चों को अपने हाथ से चॉकलेट भी दी। इस अवसर पर उन्होंने एक बच्चे को गोद में लेकर अन्नप्राशन भी कराया।
सीएम ने पुकारा, ‘ओ भोलू’ और भाव विह्वल हो दौड़ आया गोवंश
दृढ़ संकल्पों वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक सुपरिचित पहचान गोसेवक की भी है। जब भी वह गोरखनाथ मंदिर प्रवास पर होते हैं गोशाला में जाकर गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है। रविवार सुबह भी मंदिर की गोशाला में जाकर उन्होंने गोसेवा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गायों और गोवंश को अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया। सीएम योगी यहां कई गोवंश को उनके लिए रखे नामों से बुलाते हैं। रविवार सुबह उन्होंने एक गोवंश को जब यह कहकर पुकारा, ‘ओ भोलू’ तो श्याम रंग का यह बछड़ा भाव विह्वल होकर सीएम योगी की तरफ दौड़ पड़ा। मुख्यमंत्री ने भोलू को खूब दुलारा और उसे अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया। मंदिर की गोशाला में जब भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचते हैं तो प्रायः एक मोर भी उनके इर्द-गिर्द आ जाता है। मुख्यमंत्री ने मोर को भी दुलारा और अपने हाथों से रोटी के टुकड़े करके उसे खिलाया।
