चंडीगढ़। ओमैक्स चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2026 के चौथे संस्करण का आगाज रविवार को हयात रीजेंसी में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सीपीएल के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। इस अवसर पर सुनील गावस्कर ने यूटीसीए के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीपीएल जैसे टूर्नामेंट उभरते खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
यूटीसीए के फाउंडर प्रेसिडेंट संजय टंडन ने कहा कि सीपीएल घरेलू क्रिकेट के बदलते स्वरूप का प्रतीक है, जहां प्रतिभा को अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल बेहतर क्रिकेटर तैयार करना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, चरित्र और जीतने का जज्बा विकसित करना भी है।
समारोह के दौरान छह भाग लेने वाली फ्रेंचाइजी टीमों गत विजेता चंडीगढ़ किंग्स, हिम्स हॉक्स, कैपिटल स्ट्राइकर्स, ट्राइसिटी बैशर्स, रॉक गार्डन वॉरियर्स और रॉयल टाइटंस का परिचय भी कराया गया।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 8 जून को ताऊ देवी लाल स्टेडियम, पंचकूला में चंडीगढ़ किंग्स और ट्राइसिटी बैशर्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद कैपिटल स्ट्राइकर्स और रॉक गार्डन वॉरियर्स आमने-सामने होंगे।
