हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के पांचवें दिन की कार्यवाही जारी है। जुलाना की विधायक विनेश फोगाट ने क्षेत्र में जलभराव का मुद्दा उठाया।
एक सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान का किसानों को मुआवजा दिया गया है। केंद्र सरकार ने नुकसान का 100 प्रतिशत मुआवजा किसानों के खाते में दिया। सैनी ने कहा कि पहले के समय पर एक चौपाल पर बैठकर पटवारी फसल खराब की रिपोर्ट बनाते थे। उन्होंने कहा कि केवल महम में ही 6.50 करोड़ का मुआवजा किसान को दिया गया। हमने पटवारियों की जिम्मेदारी तय कर उचित मुआवजा समयबद्ध तरीके से पहुंचाया। फसल खराब की अलग अलग स्लैब बनाकर किसानों को उसी अनुपात में मुआवजा दिया जाता है।
शून्य काल के दौरान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हमने 10 हजार से ज्यादा जनसंख्या वाले 111 गांव को चिन्हित किया है, जहां स्मार्ट गलियां बनाई जाएंगी।विज्ञापन
सदन में उस समय हंगामा हो गया जब कांग्रेस विधायक बीबी बत्तरा ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी द्वारा 25 फरवरी को गायत्री हुड्डा को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की रिश्तेदार बताने पर कहा कि आप अपने शब्द वापस लो नहीं तो हम प्रिविलेज मोशन लाएंगे। इस पर बेदी ने कहा कि अखबार में जो लिखा है, हमने उसे पढ़ा है।
