देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं। 18 से 22 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने 19 जुलाई के लिए नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट तथा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।
20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा।
21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। 22 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों में जिला आपदा परिचालन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने, भूस्खलन संभावित मार्गों पर मशीनरी तैनात रखने और राहत-बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। साथ ही भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में 112, 1070 और 1077 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने को कहा है।
