एआई समिट में कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन को लेकर प्रधानमंत्री के तीखे हमले के बाद यूपी के नेता राहुल गांधी पर आक्रामक हैं। अयोध्या पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर अब तक का सबसे तीखा प्रहार किया है। हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से मुखातिब पाठक ने राहुल गांधी के नाम की नई परिभाषा गढ़ी और दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई (AI) समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन को ‘भारत की छवि बिगाड़ने वाला’ कृत्य करार दिया। वहीं, अपर्णा यादव ने भी कांग्रेस को निशाने पर लिया है। इससे पहले पीएम मोदी ने रविवार को मेरठ में नमो भारत और मेट्रो का शुभारंभ करने के बाद कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला था। एआई समिट में प्रदर्शन को कांग्रेस की नंगी और गंदी राजनीति बताया था।
ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह पूरी तरह से अपने नाम को चरितार्थ कर रहे हैं। उन्होंने राहुल के नाम के अक्षरों को डिकोड करते हुए कहा— “राहुल में ‘रा’ से रार, ‘हु’ से हुड़दंग और ‘ल’ से लफंगई है।” डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जहां कहीं भी जाते हैं, वहां भारत की छवि को धूल-धूसरित करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने एआई समिट में हुए प्रदर्शन की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस को इस “घिनौनी राजनीति” का भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा और देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
बीमारू से रेवेन्यू सरप्लस बना यूपी
उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और विकास पर बात करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि आज दुनिया के बड़े निवेशक यूपी में निवेश के लिए लालायित हैं। धरातल पर एमओयू उतर रहे हैं और यूपी ‘बीमारू’ राज्य के कलंक से उबर कर ‘रेवेन्यू सरप्लस’ स्टेट बन चुका है। इन्फ्रास्ट्रक्चर में हुए सुधार के कारण हर उद्योगपति यहां उद्योग लगाना चाहता है। वहीं, शंकराचार्य विवाद पर उन्होंने कहा कि मामला अदालत में है, इसलिए टिप्पणी करना उचित नहीं है।
अपर्णा यादव का तंज: एआई भी कांग्रेस को दिखाना बंद कर देगा
इसी क्रम में अयोध्या के अंगूरीबाग स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि एआई समिट में कांग्रेस ने जिस प्रकार का प्रदर्शन किया है, उससे पार्टी की “घटिया मानसिकता” उजागर हुई है। अपर्णा ने चुटकी लेते हुए कहा— “आज जिस तरह कांग्रेस का हाल है, आने वाले समय में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) भी इसे दिखाना बंद कर देगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि आज भारत एआई के माध्यम से विश्व का नेतृत्व कर रहा है, जो हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। भारत के ‘ब्रेन’ का लोहा पूरी दुनिया मान रही है, लेकिन कांग्रेस ने विदेशी पटल पर देश को शर्मसार किया है। शंकराचार्य के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि संत समाज का बहुत सम्मान है, लेकिन संविधान और व्यवस्था से ऊपर कोई नहीं है।
