चंडीगढ़। हरियाणा के पांच शहरों गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, रोहतक और पानीपत में जल्द ही मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को सस्ते फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। फ्लैट के लिए वीरवार को बुकिंग शुरू हो गई है। जिन परिवारों ने फ्लैट के लिए पहले ही पंजीकरण कराया हुआ है, वे सिर्फ 10 हजार रुपये देकर फ्लैट की बुकिंग करवा सकते हैं।
हाउसिंग फार आल विभाग ने भौतिक सत्यापन के उपरांत पात्र पाए गए आवेदकों की सूची अपनी वेबसाइट पर जारी कर दी है। इस सूची में शामिल परिवार ही फ्लैट की बुकिंग करवा सकते हैं। आबंटित किए जाने वाले सभी फ्लैट की सूची भी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत प्रथम चरण में 14 शहरों के 15 हजार 256 परिवारों को 30-30 गज के प्लाट दिए जा चुके हैं। इन प्लाटों पर मकान बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी-2 के तहत ढाई लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।
एक लाख 38 हजार की राशि मिलेगी
इसी तरह मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दूसरे चरण के तहत 561 गांवों में एक लाख 58 हजार आवेदकों को प्लाट आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के लाभार्थियों को मकान बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत एक लाख 38 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 69 हजार 150 घरों का निर्माण किया जा चुका है तथा 579 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इसी प्रकार शहरों में प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी के तहत 77 हजार 900 घरों का निर्माण करवाया गया है तथा 1650 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
दिए जा चुके हैं 50-50 गज के 4 हजार 533 प्लॉट
विशेष बात यह कि प्रदेश में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के साथ मिलकर क्रियान्वित किया जा रहा है।
लाभार्थियों को महाग्रामों में 50 वर्ग गज और दूसरे गांवों में 100 वर्ग गज के प्लाट प्रदेश सरकार द्वारा और इन पर निर्माण लागत की सहायता केंद्र सरकार द्वारा दिलवाई जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 में 52 हजार 288 आवेदकों का पंजीकरण हो चुका है। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत 62 गांवों में 100-100 गज के और हर एक महाग्राम में 50-50 गज के चार हजार 533 प्लाट दिए जा चुके हैं।
शहरों में श्रमिकों को सस्ते किराये पर भी मिलेंगे आवास
प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग योजना के माध्यम से शहरी प्रवासियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सस्ती दरों पर किराये के आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य लेकर भी चल रही है।
यह योजना उन परिवारों के लिए अल्पकालिक किराये के आवास का विकल्प देगी, जो अपना घर खरीदना नहीं चाहते। पहले चरण में सोनीपत के विभिन्न सेक्टरों में लगभग 1600 फ्लैटों को 25 वर्षों के लिए रियायती दरों पर किराये पर देने के लिए पायलट परियोजना शुरू की गई है।
