चंडीगढ। पंजाब में संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने में जुटी भाजपा ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी की ओर से गांव और शहर स्तर पर संपर्क कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें पंजाब के प्रमुख मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि बैठक में खेती, नौजवानों, सीमा सुरक्षा और शहरी विकास जैसे पंजाब से जुड़े प्रमुख विषयों को ध्यान में रखते हुए भविष्य के रोडमैप पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हर जिले, हर मंडल और हर गांव स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए टीमें गठित की जाएंगी। उनका दावा है कि संगठन की यह मजबूती आगामी विधानसभा चुनाव में सकारात्मक परिणाम देगी।
मौजूदा सरकार पर साधा निशाना
ढिल्लों ने मौजूदा सरकार पर नशे, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब नशे की समस्या, बिगड़ती कानून व्यवस्था और नौजवानों के विदेश जाने जैसे संकटों से जूझ रहा है। उनके अनुसार, इन समस्याओं के समाधान को लेकर प्रदेश सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब को सुरक्षित, समृद्ध और प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से पार्टी संगठन को गांव से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।
गांव-गांव पहुंचेगा तिरंगे का संदेश
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भाजपा की ओर से 9 से 14 अगस्त तक पूरे पंजाब में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब सीमावर्ती राज्य होने के साथ देश के लिए बड़ी संख्या में बलिदान देने वाले वीरों की धरती है। ऐसे में हर जिले, शहर और गांव में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कलश यात्रा से सामाजिक समरसता का संदेश
गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के संबंध में देशभर में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरु जी की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा पंजाब के गांव-गांव पहुंच रही है। खासकर दोआबा क्षेत्र में दलित समुदाय के बीच इस यात्रा के माध्यम से संपर्क किया जा रहा है। ढिल्लों ने कहा कि कलश यात्रा गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है।
