यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जमीनी स्तर पर अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन और जनप्रतिनिधियों के लिए बाकायदा एक लंबा-चौड़ा शेड्यूल जारी की है, जिसके तहत अब राज्य के सभी सांसदों और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधा जुड़ने और संवाद कायम करने का लक्ष्य दिया गया है।
पार्टी की नई रणनीति के तहत सभी जनप्रतिनिधियों को आगामी 5 दिसंबर तक अपने क्षेत्रों में चौपाल आयोजित करने का टारगेट सौंपा गया है। इसके तहत विधायकों को अलग और सांसदों अलग टारगेट दिए गए हैं।
- विधायकों के लिए लक्ष्य: उत्तर प्रदेश के सभी भाजपा विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में 5 दिसंबर तक 50 चौपाल आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
- सांसदों के लिए लक्ष्य: इसी तरह, राज्य के सभी भाजपा सांसदों को अपने लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत 5 दिसंबर तक कम से कम 10 चौपाल करने का टारगेट दिया गया है।
इन चौपालों के माध्यम से जनप्रतिनिधि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का फीडबैक सीधे जनता तक पहुंचाएंगे।
1.73 लाख से ज्यादा बूथों पर 86.86 लाख नए वोटर जोड़ने की तैयारी
जनसंपर्क अभियान के साथ-साथ भाजपा ने वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए भी एक व्यापक अभियान शुरू किया है। पार्टी ने प्रदेश के सभी 1,73,730 बूथों पर प्रति बूथ 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस योजना के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में लगभग 86.86 लाख नए वोटर जोड़ने की तैयारी की गई है, ताकि बूथ स्तर पर पार्टी के आधार को और अधिक मजबूत किया जा सके।
पूर्वांचल की कमान संभालेंगे खुद अमित शाह
जमीनी स्तर पर अभियानों के अलावा केंद्रीय नेतृत्व भी उत्तर प्रदेश की कमान संभालने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, 2027 के विधानसभा चुनावों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य रणनीतिकार की भूमिका निभाएंगे। अगले महीने से उनके उत्तर प्रदेश दौरे शुरू होने के संकेत मिले हैं, जिसकी शुरुआत पूर्वांचल क्षेत्र से हो सकती है।
दरअसल, पूर्वांचल में NDA के सहयोगी दलों- खासकर निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बीच सीटों की दावेदारी को लेकर खींचतान देखी जा रही है। आजमगढ़ की अतरौलिया सीट पर दोनों सहयोगी दलों के दावों और निषाद पार्टी की तरफ से 37 सीटों की मांग किए जाने के बीच, भाजपा नेतृत्व की कोशिश है कि सहयोगी दलों को अधिकतम 80 सीटों के दायरे में संतुष्ट करते हुए चुनाव मैदान में एकजुटता के साथ उतरा जाए।
