चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी के खिलाफ सीबीआई की कार्रवाई जारी है। फरार ओएसडी राजबीर घुमन की तलाश जारी है। सीबीआई ने दूसरा नोटिस उसके घर के बाहर चस्पा किया। इसी बीच BJP ने आप सरकार पर निशाना साधा। बीजेपी ने कहा कि कोई भी कानून से बच नहीं सकता। सुनील जाखड़ ने कहा कि मैं बस यही कहूंगा, ‘भागो, घुमन, भागो!’ चाहे तुम कितना भी भागो, छिप नहीं सकते। कानून तुम्हारे करीब आ रहा है और अब ज्यादा समय नहीं बचा है।
सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया कि घुमन तो बस एक छोटी सी मिसाल है। आम आदमी पार्टी के नेता, जिन्हें दिल्ली से बाहर कर दिया गया था, उन्होंने पंजाब को सुनियोजित तरीके से लूटने का काम अपने हाथ में ले लिया है।
राणा गुरमीत सिंह सोढी ने साधा निशाना
पंजाब BJP अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि मीडिया के जरिए सभी को पता चला है कि CBI ने उनके घर पर नोटिस चिपकाया था। अब वे कह रहे हैं कि उन्हें नोटिस नहीं मिला। इसका क्या मतलब निकाला जाए? वे अपनी ही बात का खंडन कर रहे हैं और झूठ बोल रहे हैं। BJP नेता राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि घुमन को CBI के सामने पेश होना चाहिए और अपना पक्ष रखना चाहिए या कानूनी तरीके से सफाई देनी चाहिए। सोढी ने कहा कि उन्हें देर-सबेर ऐसा करना ही होगा। वे कब तक भागते रहेंगे? कोई भी कानून से बच नहीं सकता। उनका यह व्यवहार बताता है कि वे दोषी हैं।
‘आम जनता से वसूले रुपये’
BJP नेता अमनजोत कौर रामू वालिया ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर आम आदमी पार्टी के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो वे विरोध क्यों कर रहे हैं? CBI ने छापेमारी की और मुख्यमंत्री के OSD के घर के बाहर नोटिस चिपकाया। गांवों सहित आम जनता को पता है कि ट्रांसफर के लिए पैसे लिए जा रहे हैं और अन्य तरह से भी पैसे वसूले गए हैं।
इस बीच, सरकारी पोस्टिंग और प्रशासनिक फैसलों को प्रभावित करने के लिए रिश्वत लेने के आरोपों के सिलसिले में CBI ने राजबीर घुमन के घर के बाहर समन चिपका दिया है।
पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश पर हुई है एफआईआर
एजेंसी ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट के आधार पर राजबीर घुमन और उनके सहयोगियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कदम तब उठाया गया जब राजबीर घुमन बुधवार को पूछताछ के लिए एजेंसी के चंडीगढ़ ऑफिस में पेश नहीं हुए। उन्हें दोपहर 2.30 बजे पेश होने के लिए कहा गया था। हालांकि, समन की औपचारिक तामील न होने का हवाला देते हुए वे पेश नहीं हुए।
एक प्रेस रिलीज़ में, CBI ने कहा कि वह भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है। इन आरोपों में आर्थिक लाभ के बदले IAS और IPS अधिकारियों की पोस्टिंग में हेरफेर, विभागीय कार्यवाही, नीति बनाना, प्रशासनिक मंज़ूरी, टेंडर की शर्तें और लाइसेंसिंग से जुड़े मामले शामिल हैं।
