हरिद्वार। भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के पहले दिन पार्टी ने हर वर्ग में संगठन की पहुंच बढ़ाने के साथ युवा सदस्यों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया। पार्टी ने अपने सभी सात मोर्चों को अगले एक महीने में सात लाख नए
सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। युवा और अनुसूचित मोर्चा को सदस्यता अभियान में विशेष सक्रियता दिखाने के निर्देश दिए गए। महिला चौपाल और एससी-एसटी सम्मेलनों के जरिये विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की भी कार्ययोजना तैयार की गई।
900 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता हुए शामिल
गंगा किनारे प्रेमनगर आश्रम में शुरू हुई भाजपा की प्रदेश विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में शनिवार को चुनावी रणनीति में पार्टी के मोर्चों व प्रकोष्ठों की भूमिका को लेकर मंथन हुआ। बैठक में 900 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और महामंत्री संगठन ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की। विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों ने आगामी दो माह के कार्यक्रमों का खाका भी प्रस्तुत किया।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि प्रत्येक मोर्चे को एक लाख नए सदस्य बनाने हैं।
सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेताओं की भागीदारी रहेगी। चुनावी अभियान को विस्तार देने के लिए प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों में दूसरे राज्यों से आने वाले कार्यकर्ताओं को जिला विस्तारक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। बूथ से लेकर घर-घर तक संपर्क कर सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच पहुंचाई जाएंगी। पार्टी का जोर संगठन विस्तार, सामाजिक भागीदारी और सरकार के विकास कार्यों को चुनावी मुद्दा बनाने पर रहेगा।
आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे संबोधित
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रविवार को विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। दोपहर तीन बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे।
