ऋषिकेश/देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम में देहरादून जनपद के लिए 219.29 करोड़ रुपये की 51 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 172.78 करोड़ रुपये की 38 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 46.50 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से जनपद में सड़क, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, शिक्षा, पर्यटन, शहरी विकास, पशुपालन और आधारभूत ढांचे को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में मसूरी डायवर्जन से लाइब्रेरी चौक तक एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग, आईएसबीटी देहरादून के सुदृढ़ीकरण, झड़ीपानी ट्रैक का सौंदर्यीकरण, न्यू कैंट रोड पर दो नए पुलों का निर्माण, रायपुर, डोईवाला और सहसपुर क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्य, विभिन्न नहरों का पुनरोद्धार, ग्रामीण सड़कों का निर्माण एवं सुधार, पीएमयू कार्यालय भवन निर्माण तथा डोईवाला और रायपुर में निराश्रित गौवंश के लिए गौशालाओं का निर्माण शामिल है।
लोकार्पित परियोजनाओं में डोईवाला में अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय, सुद्धोवाला कारागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अजबपुरकलां का भवन, धारकोट-लड़वाकोट मोटर मार्ग का उन्नयन, हरिपुर कालसी में स्नान घाट, मियांवाला और गौरादेवी पार्क सहित विभिन्न पार्कों का विकास एवं सौंदर्यीकरण, रिस्पना नदी किनारे पार्क निर्माण तथा कई सड़क एवं सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं।
सरकार के अनुसार इन विकास कार्यों से देहरादून जनपद में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी, सिंचाई व्यवस्था में सुधार आएगा, बाढ़ सुरक्षा को मजबूती मिलेगी तथा पर्यटन और शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
