गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ के तहत 50 हजार से अधिक समर्थकों के साथ डेढ़ किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे। इसके साथ ही 2027 के लिए भाजपा का चुनावी शंखनाद भी हो जाएगा। पदयात्रा को भव्य बनाने के लिए भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों की तरफ से सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक छह और पदयात्रा मार्ग पर 18 स्वागत स्थल बनाए गए हैं। पदयात्रा में राष्ट्रीय महासचिव और विधानसभा चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सुबह 11 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सर्किट हाउस पहुंचने के बाद महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अभिजात मिश्रा, राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर तथा अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अनुप्रिया पटेल सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में जनसभा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ करेंगे। यह पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर गोलघर स्थित काली मंदिर के निकट सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी। पदयात्रा मार्ग पर 18 स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक संगठनों के पदाधिकारी तथा आमजन उपस्थित रहकर स्वागत करेंगे। सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ पदयात्रा का समापन होगा।
पदयात्रा के बाद होगी कोर कमेटी की बैठक
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि पदयात्रा के बाद एनेक्सी भवन में प्रबुद्ध वर्ग की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जनप्रतिनिधियों और पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रातः गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद एनेक्सी भवन में पूर्व पदाधिकारियों की बैठक तथा पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।
यहां होगा स्वागत
जिला परिषद गेट, टाटा मोटर्स, गोलघर कचहरी, गोलघर टिक-टॉक, गोलघर जलकल, केशव मार्केट, गोलघर, ड्रेसलैंड, गोलघर, गांधी आश्रम, बाटा हाउस, वीनस स्टोर, बलदेव प्लाजा, मारवाड़ी होटल, गणेश चौक, शेर-ए-पंजाब, चरण पादुका, मेसिडोज, नेशनल मेडिकल स्टोर, काली मंदिर, सरदार वल्लभभाई पटेल प्रतिमा। इन स्थानों पर तैयारी पूरी कर ली गई है।
