देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत वरिष्ठ नेताओं ने जिला प्रभारियों की बैठक ली. बैठक में चुनावी रणनीति और क्षेत्रवार तैयारियों पर चर्चा हुई. संगठन ने जिला प्रभारियों को क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने और चुनावी तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए. साथ ही जिलों की राजनीतिक परिस्थितियों का फीडबैक भी लिया.
नेताओं से फीडबैक और चुनावी एजेंडे पर मंथन: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है. चुनाव में अभी समय है, लेकिन पार्टी संगठन ने जिस तरह जिला स्तर तक के नेताओं से फीडबैक लेने और चुनावी एजेंडे पर मंथन शुरू किया है, उससे साफ है कि बीजेपी इस बार चुनावी तैयारी में कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती. पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश संगठन के साथ मिलकर चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने की दिशा में काम कर रहा है.
बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में बैठक: रविवार को देहरादून स्थित बीजेपी मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश के दूसरे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जिला प्रभारियों की बैठक हुई. बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. संगठन की तरफ से जिला प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को अभी से व्यवस्थित करने के सुझाव दिए गए.
प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बीजेपी की स्थिति पर चर्चा: बैठक की अहम कड़ी जिलों से मिला फीडबैक रहा. पार्टी नेतृत्व ने जिला प्रभारियों से क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों, जनता के बीच चल रहे मुद्दों, संगठन की सक्रियता और चुनावी माहौल को लेकर जानकारी ली. इसके जरिए संगठन यह समझने की कोशिश कर रहा है कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बीजेपी की स्थिति क्या है और किन मुद्दों पर पार्टी को ज्यादा काम करने की जरूरत है?
चुनाव के एजेंडे पर भी फोकस: इसके साथ ही आगामी चुनाव के एजेंडे को लेकर भी नेताओं के बीच चर्चा हुई. माना जा रहा है कि विकास कार्यों, सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, स्थानीय समस्याओं और जनता से जुड़े मुद्दों को चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाने पर संगठन का फोकस है. जिला स्तर से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर क्षेत्रवार रणनीति तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है.
क्या बोले सीएम पुष्कर धामी? बीजेपी की इस बैठक को 2027 के चुनाव से पहले संगठन की शुरुआती चुनावी तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है. इससे पहले पार्टी मुख्यालय में सभी नेताओं ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की. वहीं, सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि,
“अब चुनाव नजदीक है, इसलिए पार्टी संगठन आपस में बैठकर चुनावी रणनीतियों को तैयार कर रहा है. बीजेपी हमेशा इस तरह की एक्टिविटी को करती है और पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को सक्रिय रखती है.“- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
