देहरादून: पिथौरागढ़ जौलजीबी मेले के उद्घाटन के दौरान हुए हंगामे का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. मुख्यमंत्री धामी के मंच पर उनके जाते ही कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने ऐसा तांडव मचाया था कि उसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. अब प्रकरण को लेकर खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सामने आए हैं. उन्होंने इस घटनाक्रम पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है.
जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों के हंगामे का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है. मंच पर हुए घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
वीडियो में विधायक हरीश धामी के साथ उनके समर्थक भी हंगामा करते नजर आ रहे हैं. खास बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम पुलिस की मौजूदगी में हुआ. वहीं विधायक ने खुले मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी तीखे हमले किए. मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर चुकी है, लेकिन राजनीतिक बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है.
अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने जौलजीबी मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में हुए घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे कांग्रेस के चाल, चरित्र और व्यवहार से जोड़ दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस नेताओं की ऐसी तस्वीरें पहले भी तमाम जगहों पर सामने आती रही हैं. इस बार जौलजीबी में जो कुछ हुआ, उसे पूरा उत्तराखंड देख रहा है.
सीएम धामी ने कहा साल 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इस घटनाक्रम का जवाब देगी. उन्होंने कहा मंच पर जिस तरह का घटनाक्रम हुआ, उससे कांग्रेस की खिसियाहट साफ दिखाई देती है. इसका खामियाजा कांग्रेस को चुनाव में भुगतना पड़ेगा. उसे विपक्ष में बैठकर इसका जवाब देना होगा.
दरअसल एक दिन पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे. यहां उन्होंने विभिन्न योजनाओं की घोषणाएं करने के साथ मेले का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी मंच पर पहुंचे. उनके जाने पर नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया.
हरीश धामी का आरोप था कि विपक्ष का विधायक होने के कारण उन्हें मंच पर अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया. उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए चुनाव को लेकर भी तीखी टिप्पणी की थी. इसके बाद पुलिस ने विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. अब इस पूरे मामले ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव को और तेज कर दिया है.
