देहरादून: भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को गढ़वाल मंडल की तीनों लोकसभा सीटों पर अलग-अलग चरण में बैठक आयोजित हुई. सबसे पहले टिहरी फिर गढ़वाल और आखिर में हरिद्वार लोकसभा सीट पर बैठक हुई. टिहरी लोकसभा सांसद राज्यलक्ष्मी स्वास्थ्य के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाईं. गढ़वाल लोकसभा से सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार लोकसभा से सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावा सीएम धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व संगठन के पदाधिकारी बैठकों में शामिल हुए.
बैठक में लोकसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती, सरकार के विकास कार्य और आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों से जुड़े तमाम महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई. इसके साथ ही क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभाव और उन्हें जनता तक पहुंचाने को लेकर भी रणनीति पर भी विचार किया गया.
गढ़वाल की तीनों सीटों को लेकर बैठकों का दौर: भाजपा की ओर से गढ़वाल मंडल की तीनों लोकसभा सीटों को लेकर अलग-अलग बैठकें आयोजित की गई. मंगलवार को सबसे पहले टिहरी लोकसभा सीट की बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद अब गढ़वाल और फिर हरिद्वार लोकसभा सीट की बैठक आयोजित की गई. भाजपा इन बैठकों के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन कर रही है.
भाजपा चुनाव की नहीं, विकास की चर्चा करती है: बैठक में शामिल होने से पहले गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने मीडिया से बातचीत की. जब उनसे भाजपा की बैठकों को चुनावी तैयारियों से जोड़ा सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि,
लोग भले ही इसे चुनाव की तैयारी के तौर पर देख रहे हों, लेकिन भारतीय जनता पार्टी का काम करने का तरीका विकास केंद्रित है. पार्टी लगातार विकास कार्यों और सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा करती है और जनता के सामने पिछले वर्षों के काम का पूरा ट्रैक रिकॉर्ड मौजूद है. पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तराखंड में जिस तरह विकास कार्य हुए हैं, जनता उन कार्यों को भली-भांति देख रही है.
भारतीय जनता पार्टी ‘अटल जी ने बनाया और मोदी जी संवार रहे हैं’ के मूल मंत्र के साथ उत्तराखंड के विकास को आगे बढ़ा रही है. बलूनी ने विश्वास जताया कि पार्टी ने जिस तरह विकास के काम किए हैं, उसी के दम पर उसे जनता का दोबारा आशीर्वाद मिलेगा. भाजपा की बैठकों में संगठन और विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है.
-अनिल बलूनी, सांसद, गढ़वाल लोकसभा-
सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा: बैठक में शामिल होने पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि,
बैठक में पार्टी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. उन्होंने कहा कि, सरकार के विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ संगठन की गतिविधियों और आगामी रणनीति को लेकर भी चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि, पार्टी की बैठकों का उद्देश्य केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन को लगातार सक्रिय और मजबूत बनाए रखना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है. हालांकि, आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी पूरी तरह से अपनी तैयारियों में जुटी हुई है और इसी क्रम में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है.
-सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री-
चुनावी मोड में है भाजपा: कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने भी बैठक में जाने से पहले मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि, भाजपा पूरी तरह चुनावी मोड में है और आगामी चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां लगातार की जा रही हैं. बैठक में विकास कार्यों, सरकार की योजनाओं और संगठन की रणनीति समेत तमाम महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी.
पार्टी यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास कार्यों की जानकारी भी जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सके. इसके साथ ही संगठन को और मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है.
-भरत चौधरी, कैबिनेट मंत्री-
