शिमला। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने उद्योग मंत्री के प्रसारित बयान के बाद सरकार पर सवाल उठाए हैं। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि मंत्री ने अपनी सिफारिश पर 600 से 700 लोगों को आउटसोर्स के माध्यम से रोजगार दिलाने की बात कही थी। यदि यह बयान सही है तो यह बैकडोर भर्ती का सबसे बड़ा प्रमाण है। इसकी उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि बयान गलत है तो मंत्री को माफी मांगनी चाहिए।
युवाओं से रोजगार के अवसर छीने
उन्होंने शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि नालागढ़ मेडिकल डिवाइस पार्क परियोजना हिमाचल की अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती थी। केंद्र सरकार ने कामन इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 100 करोड़ रुपये की अनुदान राशि दी थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने राशि वापस कर हजारों युवाओं के रोजगार के अवसर छीन लिए। प्रदेश में खनन माफिया इसलिए बेखौफ है क्योंकि उसे सत्ता से जुड़े लोगों का संरक्षण प्राप्त है।
राम मंदिर पर कांग्रेस कर रही राजनीति
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा मामले पर बिक्रम ठाकुर ने कहा कि जिस कांग्रेस ने वर्षों तक श्रीराम मंदिर निर्माण का विरोध किया, भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और प्राण-प्रतिष्ठा से दूरी बनाई, वही आज इस मुद्दे पर राजनीति करने का प्रयास कर रही है।
पंचायत चुनाव बता चुके स्थिति
पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकाय चुनाव के परिणाम कांग्रेस की वास्तविक स्थिति बता चुके हैं। 2027 में कांग्रेस की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार, कुशासन और प्रशासनिक विफलताओं का नया रिकार्ड बनाकर इतिहास में दर्ज करेगी।
