शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत देते हुए वर्ष 2016 के बाद के पेंशन व फैमिली पेंशन एरियर का पूरा बकाया जारी करने का निर्णय लिया है।
वित्त विभाग द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार अब पात्र पेंशनरों और परिवार पेंशनरों के लंबित एरियर का भुगतान तत्काल प्रभाव से किया जाएगा। इस फैसले से हजारों पेंशनरों और उनके आश्रितों को सीधा लाभ मिलेगा।
वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए अथवा सेवा के दौरान निधन होने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पेंशन एवं फैमिली पेंशन एरियर का शेष भुगतान तुरंत किया जाएगा। इसके साथ ही उन पोस्ट-2016 पेंशनरों और परिवार पेंशनरों को भी राहत दी गई है जिनकी मूल पेंशन 25 हजार रुपये तक तथा फैमिली पेंशन 15 हजार रुपये प्रतिमाह तक है।
वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस भुगतान के बाद संबंधित पात्र पेंशनरों का लंबित एरियर शून्य हो जाएगा। लंबे समय से एरियर भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए यह निर्णय बड़ी राहत वाला माना जा रहा है। पूर्व में दी गई अंतरिम राहत और महंगाई राहत की किश्तों को कुल एरियर राशि में समायोजित किया जाएगा।
ऐसे में शुद्ध (नेट) राशि का ही भुगतान संबंधित पेंशनरों को मिलेगा। यदि किसी मामले में पूर्व में दी गई राहत राशि अधिक निकलती है, तो शेष समायोजन भविष्य में मिलने वाले एरियर या महंगाई राहत से किया जाएगा।
विभाग ने सभी पेंशन वितरण प्राधिकरणों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को निर्देश दिए हैं कि अतिरिक्त भुगतान की स्थिति में समायोजन सुनिश्चित करते हुए केवल वास्तविक देय राशि ही जारी की जाए। सरकार के इस निर्णय को आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग के पेंशनरों के लिए राहतभरा कदम माना जा रहा है।
