हरियाणा सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए राशन वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब प्रदेश के राशन डिपो पर पुरानी 2-जी ई-पॉस मशीनों की जगह नई 5-जी आधारित मशीनों के जरिए राशन वितरित किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे राशन वितरण प्रक्रिया अधिक तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनेगी।
ऑल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश मीडिया प्रभारी गुरतेज सिंह सोढ़ी ने बताया कि प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से पुरानी मशीनों को हटाकर नई 5-जी सक्षम मशीनें लगाई जा रही हैं। इन मशीनों में तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी, बेहतर बायोमेट्रिक सिस्टम और रियल टाइम डाटा अपडेट जैसी सुविधाएं होंगी, जिससे नेटवर्क की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
उन्होंने राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि नई मशीनों की स्थापना प्रक्रिया के दौरान धैर्य बनाए रखें और आधिकारिक सूचना मिलने के बाद ही राशन लेने पहुंचें।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पिछले 9 वर्षों से उपयोग में रही 2-जी मशीनें तकनीकी रूप से पुरानी हो चुकी थीं, जिसके कारण कई बार डिपो पर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती थी। नई 5-जी तकनीक लागू होने के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन और डाटा प्रोसेसिंग की गति कई गुना बढ़ जाएगी, जिससे लाभार्थियों को समय पर और बिना परेशानी के राशन मिल सकेगा।
