रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों के साथ साइबर ठगों द्वारा धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। बाबा केदार के दर्शन की चाह में आंध्र प्रदेश से आए 22 श्रद्धालु साइबर अपराधियों का शिकार बन गए हैं। ठगों ने हेलीकॉप्टर टिकट बुक करने के नाम पर इन श्रद्धालुओं से कुल 2.65 लाख रुपये ऐंठ लिए।
हेलीपैड पहुंचने पर खुला फर्जीवाड़े का राज
ठगों ने आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी साइट और सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धालुओं से संपर्क किया और फर्जी टिकट थमाए, पैसे ट्रांसफर होने के बाद आरोपियों ने श्रद्धालुओं को हूबहू असली जैसे दिखने वाले फर्जी टिकट वॉट्सऐप पर भेज दिए।
जब पीड़ित श्रद्धालु केदारघाटी के हेलीपैड पर पहुंचे, तो वहां मौजूद स्टाफ ने जांच के बाद सभी टिकटों को फर्जी (FAKE) घोषित कर दिया।
ठगी का अहसास होने पर जब श्रद्धालुओं ने आरोपी के फोन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो वह बंद मिला।
इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने यात्रा पर आ रहे सभी तीर्थयात्रियों के लिए जरूरी गाइडलाइन जारी की है
केदारनाथ हेलीकॉप्टर टिकटों की बुकिंग केवल आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के जरिए ही की जाती है। फेसबुक, इंस्टाग्राम या किसी अनजान टेलीग्राम ग्रुप पर मिलने वाले सस्ते टिकटों के विज्ञापनों पर भूलकर भी भरोसा न करें।अनाधिकृत लिंक पर क्लिक न करें: किसी भी व्यक्ति द्वारा फोन या वॉट्सऐप पर भेजे गए बुकिंग लिंक पर पेमेंट न करें।प्रशासन ने देश भर के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे आस्था के नाम पर हो रहे इस खेल से सावधान रहें और इस जानकारी को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें ताकि कोई और ठगी का शिकार न बने।
