रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर कार्निवाल अंतर्गत आयोजित सरस आजीविका मेला-2026 के शनिवार को आठवें दिवस पर सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अद्भुत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में दिल्ली के प्रसिद्ध श्रीराम भारतीय कला केंद्र के कलाकारों द्वारा रामायण पर आधारित मंत्रमुग्ध कर देने वाली नृत्य-नाटिका की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भारतीय सनातन परंपरा, आदर्शों एवं सांस्कृतिक मूल्यों से रूबरू कराते हुए पूरे वातावरण को भक्तिमय और आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों की जीवंत अभिनय शैली, भावपूर्ण नृत्य एवं प्रभावशाली मंच सज्जा ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। रामायण की विभिन्न प्रसंगों पर आधारित इस नृत्य-नाटिका ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों एवं सांस्कृतिक चेतना का संदेश भी प्रसारित किया।
इससे पूर्व सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत साधौ बैण्ड की शानदार प्रस्तुति के साथ हुई, जिसमें भक्तिमय संगीत के साथ-साथ लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की ऊर्जावान प्रस्तुति ने समां बांध दिया। बैण्ड के आकर्षक मंच प्रदर्शन ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सवमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया, जहां उपस्थित दर्शक संगीत की मधुर धुनों पर झूमते एवं थिरकते नजर आए।
सरस आजीविका मेला-2026 निरंतर ग्रामीण उत्पादों, स्वयं सहायता समूहों एवं स्वरोज़गार को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सहभागिता एवं पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। यह मेला समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि सांस्कृतिक संवाद एवं मनोरंजन के माध्यम से सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ कर रहा है।
आठवें दिवस की यह सांस्कृतिक संध्या मेले की सफलता में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ते हुए उपस्थित जनसमूह के लिए अत्यंत यादगार सिद्ध हुई।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री भाजपा गुंजन सुखीजा, सचिव उत्तराखंड शासन दीपेन्द्र चौधरी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, पीडी हिमांशु जोशी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, गौरव पाण्डेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं भारी संख्या में दर्शकगण उपस्थित रहे।
