यमुनानगर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया जा रहा है। चुनावों में संगठन की भूमिका सबसे अहम होती है।
मजबूत संगठन के दम पर ही भाजपा हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रही है। शनिवार को यमुनानगर में आयोजित अभिनंदन समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. गुप्ता ने आगामी रणनीति, महिलाओं की भागीदारी, विपक्ष के आरोपों और वोटर लिस्ट से जुड़े सवालों पर अपनी बात रखी।
वोटर लिस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी भारतीय नागरिक को डरने की जरूरत नहीं है। जो भी वास्तविक नागरिक है, उसका या उसके परिवार का रिकार्ड वर्ष 2000 की बेस लिस्ट में देश के किसी न किसी हिस्से में जरूर मिलेगा। चाहे वह बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश या किसी अन्य राज्य से जुड़ा हो।
सरकार या पार्टी किसी भी जायज नागरिक का वोट काटने की बात नहीं कर रही है, लेकिन यदि किसी व्यक्ति का पूरे देश में वर्ष 2000 से जुड़ा कोई पारिवारिक रिकार्ड नहीं मिलता है तो इसकी जांच जरूरी है। चुनाव आयोग के पास सभी वैध नागरिकों का रिकार्ड उपलब्ध होता है।
पहले महिलाओं को सम्मान दे कांग्रेस
कांग्रेस की ओर से कानून व्यवस्था को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास आज न कोई स्पष्ट नीति है, न नेतृत्व और न ही विजन। कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने संगठन की अंदरूनी समस्याओं को दूर करना चाहिए और महिलाओं को सम्मान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो महिलाओं को संगठन से लेकर सरकार तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देती है। महिलाओं को आगे बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने का काम भाजपा लगातार कर रही है।
संगठन मजबूत तो सरकार बनती है
विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत को लेकर उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के संगठनात्मक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जमीन स्तर पर संगठन को मजबूत करने की मेहनत का ही परिणाम है कि भाजपा तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने में सफल रही। संगठन मजबूत होता है तो सरकार बनती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने पंचकूला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया है। इसके बाद वह अंबाला जाएंगी। उनका लक्ष्य 30 जून तक प्रदेश के सभी जिलों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मिलना है। जिन विधानसभा क्षेत्रों और पांच लोकसभा सीटों पर पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, वहां संगठन की कमियों को दूर कर कार्यकर्ताओं को नए सिरे से सक्रिय किया जाएगा।
रेणू भाटिया के इस्तीफे पर बोलीं- बदलाव प्रकृति का नियम
हरियाणा महिला आयोग की पूर्व चेयरमैन रेणू भाटिया के इस्तीफे पर डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि बदलाव प्रकृति का नियम है। कोई भी व्यक्ति हमेशा एक पद पर नहीं रह सकता। आज वह प्रदेश अध्यक्ष हैं, कल कोई और होगा। उन्होंने कुरुक्षेत्र में अच्छा काम किया। अब इस पद पर किसी दूसरे को जिम्मेदारी देनी थी, इसलिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
