अंबाला : हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए. आज जनता दरबार में लोगों की आई शिकायत पर उन्होंने तोपखाना चौकी ASI और हाउसिंग बोर्ड ASI को सस्पेंड कर दिया.
ASI को सस्पेंड करने के आदेश : अंबाला में लगे मंत्री अनिल विज के जनता दरबार में लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के सामने रखीं. किसी ने पुलिस से जुड़ी शिकायत रखी तो किसी ने बिजली और प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी समस्या मंत्री के सामने रखी. जनता की शिकायतों पर सुनवाई के दौरान मंत्री अनिल विज ने सख्त रुख अपनाते हुए अंबाला के तोपखाना चौकी इंचार्ज और हाउसिंग बोर्ड चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए.
बिजली बिल वसूलने के निर्देश : वहीं बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतों पर भी मंत्री विज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के लाखों रुपये के बिजली बिल लंबे समय से बकाया हैं, उनके कनेक्शन काटे जाएं. इसके साथ ही नगर परिषद के अधिकारियों को भी मंत्री अनिल विज ने चेतावनी दी. उन्होंने अधिकारियों को लोगों से बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली पूरी करने और टैक्स से संबंधित जो भी खामियां हैं, उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए. कुल मिलाकर जनता दरबार में मंत्री अनिल विज का सख्त अंदाज देखने को मिला जहां शिकायतों पर सुनवाई के साथ-साथ अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए.
पीएम के जन्मदिन पर बोले अनिल विज : वहीं प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज कोई भी विपक्षी उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं लगा सकता क्योंकि मोदी लोगों के सामने एक उदाहरण है कि किस प्रकार के हमारे नुमाइंदे होने चाहिए और सबको इससे शिक्षा लेनी चाहिए.
