देहरादून: उत्तराखंड के हर सरकारी दफ्तर, निगम, निकाय और शैक्षणिक संस्थान में अब आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने एवं कर्मचारियों को इससे निपटने के गुर सिखाने की ऐतिहासिक शुरुआत हो रही है. उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल के सफल रेस्क्यू ऑपरेशन की स्मृति में सरकार ने हर साल 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाने का निर्णय लिया है.
हर साल 28 नवंबर को मनाया जाएगा आपदा प्रबंधन: दरअसल, उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल के ऐतिहासिक रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता से सबक लेते हुए राज्य सरकार प्रदेश में पहली बार आपदा प्रबंधन दिवस मनाने पर विचार कर रही है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 28 नवंबर को हर साल आपदा प्रबंधन दिवस मनाने की घोषणा की थी. जिसको लेकर अब मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने भी अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए इसे मनाए जाने के आदेश दिए हैं.
सिलक्यारा टनल में 17 दिनों तक फंसे थे 41 श्रमिक: खास बात ये है कि आपदा प्रबंधन दिवस सिलक्यारा की सफलता को देखते हुए मनाया जाना है. बता दें कि उत्तरकाशी के सिलक्यारा में 17 दिनों तक फंसे 41 श्रमिकों को 28 नवंबर 2023 को सकुशल बाहर निकाला गया था. ऐसे में राज्य सरकार ने हर साल 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया है.
सरकारी कार्यालयों और विभागों में विशेष समिति का गठन: राज्य के सभी कार्यालयों और विभागों में 3 से 5 सदस्यीय एक विशेष समिति का गठन किया गया है. यह समिति कार्यालय भवन में आगजनी, शॉर्ट सर्किट, भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, भवन ध्वस्त होने या भवन पर पेड़ गिरने जैसी संभावित आपदाओं और खतरों का बारीकी से आकलन करेगी.
इसके बाद यह समिति बचाव के उपायों को सुझाते हुए कार्यालयाध्यक्ष को अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे. कार्यालयों में आग से सुरक्षा के लिए अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी वैधता तिथि, रिफिलिंग की स्थिति और पानी के स्रोतों की जांच के कड़े निर्देश दिए गए हैं.
भूदेव ऐप डाउनलोड करना होगा: इसके अलावा भूकंप आने की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के रास्तों और कर्मचारियों को इससे जुड़े प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया गया है. आपदा के समय तकनीकी और व्यावहारिक रूप से तैयार रहने के लिए कई आधुनिक कदम भी उठाए गए हैं. उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से विकसित भूदेव ऐप के जरिए से भूकंप आने पर 5 से 30 सेकंड पहले पूर्व चेतावनी मिल जाती है, इसलिए सभी कार्मिकों के मोबाइल में इसे अनिवार्य रूप से डाउनलोड कराया जा रहा है.
सचेत ऐप डालउनलोड करने के निर्देश: साथ ही मौसम की समय पर सटीक जानकारी के लिए केंद्र सरकार के सचेत ऐप को भी डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए हैं. हर दफ्तर और संस्थान में 25 से 27 नवंबर के बीच अनिवार्य रूप से मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा. ताकि, वास्तविक आपदा के वक्त प्रत्येक कर्मचारी बेहतर तरीके से अपनी और अपने सहकर्मियों की जान बचा सके.
इस पूरे अभियान के तहत केवल सरकारी दफ्तर ही नहीं, बल्कि स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, चिकित्सालय, वन विभाग, ऊर्जा निगम और पशुपालन विभाग को भी व्यापक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में 28 नवंबर को वाद-विवाद, निबंध, चित्रकला प्रतियोगिताएं और विशेष शिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे. वहीं, मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सभी अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए आपदा प्रबंधन दिवस को मनाने और इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं.
