उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन के नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर रहे हैं। शिवसेना उद्धव बालासाहब ठाकरे सांसद संजय राउत ने कहा है कि योगी नहीं तो यूपी नहीं। साथ ही उन्होंने सीएम को काबिल व्यक्ति करार दिया है। फिलहाल, राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है। वहीं, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने गठबंधन किया है।
संजय राउत ने गुरुवार को कहा, ‘अगर योगी जी ने खुद के नाम का ऐलान किया है, तो तारीफ के काबिल हैं। वह काबिल आदमी हैं। हम भी उनको बहुत प्यार करते हैं योगी जी को। योगी जी हिन्दुत्व का एक ऐसा चेहरा हैं, जो सबसे ऊपर हैं। अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं। योगी जी ही रहेंगे न यूपी में। अगर योगी ने खुद को कहा है कि मैं मुख्यमंत्री हूं, तो योगी जी को विश्वास है कि उनका बहुमत आएगा और बहुमत में योगी जी को समर्थन देने वाले विधायक ज्यादा से ज्यादा रहेंगे। क्योंकि विधायक दल का नेता मुख्यमंत्री चुनता है। तो योगी जी को पूरा विश्वास है। जो विधायक आएंगे, वो योगी जी का समर्थन करेंगे।’
सीएम फेस पर क्या बोले थे योगी आदित्यनाथ
बुधवार को आदित्यनाथ ने सीएम फेस से जुड़े सवाल का जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि पार्टी में कौन मुख्यमंत्री पद का चेहरा है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं। उन्होंने कहा था, ‘हमारे लिए कमल ही सब कुछ है। कौन है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं। हर व्यक्ति जानता है।’ उन्होंने कहा था, ‘चुनाव तो सभी को कमल के निशान पर ही लड़ना है। मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा।’
केशव प्रसाद मौर्य ने भी दिया ऐसा जवाब
इससे पहले राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कमल को ही सीएम फेस बताया था। उन्होंने कहा था, ‘मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं कि चुनाव में भाजपा का चेहरा कमल है। चुनाव कमल के निशान पर लड़ा जाता है। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होती है।’
उन्होंने कहा, ‘फिलहाल योगी जी हमारे मुख्यमंत्री हैं। चुनाव के बाद योगी जी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे या कोई और इस पद की जिम्मेदारी संभालेगा, इसका फैसला उस समय निर्वाचित होने वाले विधायक करेंगे।’ भाजपा में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर दोनों नेताओं के बयानों ने उत्तर प्रदेश की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।
जितिन प्रसाद ने लिया योगी आदित्यनाथ का नाम
वार्ता के अनुसार, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि राज्य में भाजपा बहुमत से सरकार बनाएगी और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री के तौर पर फिर मजबूत जनादेश के साथ सत्ता में लौटेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
2022 विधानसभा चुनाव के नतीजे
साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य में बहुमत की सरकार बनाई थी। तब भाजपा ने 376 सीटों पर लड़कर 255 पर जीत हासिल की थी। वहीं, समाजवादी पार्टी ने 347 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और 111 पर जीत दर्ज की थी। तब 399 सीटों पर लड़ने वाली कांग्रेस के खाते में महज 2 सीटें ही आईं थीं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी को 1 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक दल को 8 पर जीत मिली थी।
