यूपी में ग्राम प्रधानों के लिए राहत भरी खबर है तो वहीं प्रधानी के चुनाव को लेकर इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को झटका लगा है। पंचायत चुनाव में देरी को देखते हुए यूपी सरकार ने ग्राम प्रधानों के प्रशासक पद को छह महीने के लिए और बढ़ा दिया है। यानी ग्राम प्रधान छह महीने और प्रशासक बने रहेंगे। पंचायती राज विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
प्रमुख सचिव, पंचायती राज रविन्द्र की ओर से गुरुवार को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया। शासनादेश के तहत शुक्रवार से बढ़ा कार्यकाल उनका शुरू होगा। पहले 25 मई को ग्राम प्रधानों का पांच साल का कार्यकाल पूरा हो गया था। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव न हो पाने और समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की ओबीसी आरक्षण पर रिपोर्ट न आने के कारण उनका कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ाया गया था। प्रशासक के पद पर छह महीने के लिए नियुक्त निवर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल गुरुवार को पूरा हो रहा था। ऐसे में अब फिर यह छह महीने या आयोग की रिपोर्ट आने तक और प्रशासक बने रहेंगे।
बीते दिनों समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का कार्यकाल भी बढ़ाने का आदेश जारी हो चुका है। इसके लिए कैबिनेट में उप्र पंचायत राज (संशोधन) अध्यादेश, 2026 को लागू किए जाने को मंजूरी दी गई थी और उसके बाद इसे राज्यपाल की मंजूरी से प्रख्यापित किया गया है। उधर राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मिलकर इसके लिए आभार जताया।
सबसे पहले मई में प्रधानों को मिली थी प्रशासक की जिम्मेदारी
यूपी में पहली बार ग्राम प्रधानों को प्रशासक पद की जिम्मेदारी 26 मई को दी गई थी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में देरी के कारण ग्राम पंचायतों की बागडोर ग्राम प्रधानों के हाथ में ही रखे जाने का निर्णय लिया गया था। 25 मई को ग्राम प्रधानों का पांच वर्ष का कार्यकाल खत्म हो गया था। इसको देखते हुए सीएम योगी ने प्रधानों को ही प्रशासक बनाए जाने का फैसला लिया था। इस संबंध में प्रमुख सचिव पंचायती राज अनिल कुमार की ओर से ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने का शासनादेश भी जारी कर दिया था। अभी तक चुनाव न होने की स्थिति में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने पर संबंधित विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को उस विकास खंड की ग्राम पंचायतों का प्रशासक बना दिया जाता था। ग्राम प्रधानों की मांग पर पहली बार प्रशासक बनाने का निर्णय लिया गया।
पंचायत चुनाव में देरी के कारण सौंपी गई बागडोर
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में देरी के कारण जिला पंचायत अध्यक्षों व ब्लॉक प्रमुखों का भी कार्यकाल बढ़ाया जा चुका है। जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल 11 जुलाई व ब्लॉक प्रमुखों का कार्यकाल 19 जुलाई को खत्म हो चुका है। अभी तक जिपं अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने पर जिलाधिकारी व ब्लॉक प्रमुख का कार्यकाल खत्म होने पर एसडीएम को प्रशासक बनाया जाता था।
