देहरादून। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देकर कमजोर वर्ग की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए जलागम विभाग विशेष पहल कर रहा है। उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत प्रदेश के आठ जिलों के 15 ब्लॉकों की 519 ग्राम पंचायतों में सात हजार परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार रुपये और समूहों को अधिकतम 1.20 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उक्त जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में कृषि और औद्यानिकी को बढ़ावा देना तथा ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन कम करना है। इसके साथ ही समाज के निर्बल वर्ग को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
योजना में व्यक्तिगत लाभार्थी मधुमक्खी पालन, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, मुर्गीपालन, बकरी पालन और घराट संचालन जैसे कार्य शुरू कर सकते हैं। वहीं, समूहों को बैंड पार्टी, टेंट हाउस, फल संरक्षण, अचार निर्माण और मत्स्य पालन के लिए सहायता दी जा रही है। कई ग्रामीण इसका लाभ भी उठा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि लाभार्थियों का चयन ग्रामसभा की खुली बैठक में आर्थिक स्थिति के आधार पर किया जाता है। परियोजना नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में संचालित है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित लाभार्थियों तक जल्द सहायता पहुंचाई जाए, ताकि स्वरोजगार के माध्यम से परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।
