समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर में रोड शो के दौरान बुधवार को जेसीबी की चपेट में आने से किशोर की मौत के मामले में पिता की तहरीर पर एम्स थाने में जेसीबी चालक, आयोजन समिति में शामिल सात नामजद 65 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपितों में साधु यादव उर्फ साधु भइया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव और चंद्रप्रकाश समेत सात लोग शामिल हैं। पुलिस ने पांच लोगों को गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया। इस बीच गुरुवार को सीएम योगी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और मामले में कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इसके पहले गोरखपुर के कैंपियरगंज में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में सीएम योगी ने इस घटना को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे निर्मम हत्या करार देते हुए प्रशासन को सख्त निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ निकालें और उन्हे ऐसी कठोर सजा दिलाएं जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें। उन्होंने कहा कि रोड शो में बच्चे की मौत के बाद भी जिम्मेदार लोगों की ओर से संवेदना के दो शब्द नहीं कहे गए। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में दोबारा माफियागिरी करने की कोशिश की गई तो ऐसे तत्वों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
झंगहा के राजधानी गांव निवासी ओंकार सिंह वर्तमान में कूड़ाघाट की आवास विकास कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन सिंह बुधवार को दिन में करीब 2:30 बजे घरेलू काम से मुख्य मार्ग पर गया था। इसी दौरान सपा की रथयात्रा में शामिल जेसीबी के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में आर्यवर्धन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। तहरीर के मुताबिक, आसपास के लोग चालक को पकड़ने के लिए दौड़े तो आयोजन समिति के लोग घायल किशोर को मौके पर छोड़कर भाग गए। राहगीर अनुपम सिंह और अन्य लोगों ने उसे एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने जेसीबी चालक और आयोजन समिति के लोगों की लापरवाही को बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि आरोपियों पर हत्या और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने रात में जेसीबी चालक विनोद शाही पुत्र राम अवतार सिंह निवासी झंगहा, नरसिंह यादव वर्ष पुत्र स्व. बजरंगी यादव ग्राम राघोपट्टी टोला फैलाहा, थाना झंगहा, राहुल यादव पुत्र चंद्रभान यादव निवासी बौलिया कॉलोनी हाल पता पादरी बाजार, और वीरेंद्र यादव पुत्र सुन्ना निवासी रामपुर गोपालपुर टोला गोनरपुरा, थाना गुलरिहा, शिवांग पुत्र राजकुमार निषाद निवासी चिलुआताल, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया है। कैम्पियरगंज के सपा नेता साधु यादव को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
