चंडीगढ़। हरियाणा में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने अनुसूचित जाति के किसानों को नए ट्रैक्टर की खरीद पर अनुदान देने की योजना लागू की है। योजना के तहत 45 हार्स पावर से अधिक क्षमता वाले नए ट्रैक्टर की खरीद पर किसानों को तीन लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
पात्र किसान इस योजना का लाभ लेने के लिए 15 दिसंबर तक कृषि विभाग के पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो संबंधित जिला उपायुक्तों की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा ड्रॉ ऑफ लॉट्स के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
आवेदन के लिए किसान के पास स्वयं की भूमि होना आवश्यक है। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) आइडी के अंतर्गत परिवार के किसी भी सदस्य के नाम भूमि स्वामित्व भी मान्य होगा। आवेदक का ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकृत होना जरूरी है। ऑनलाइन आवेदन करते समय आवेदक को अपने नाम की भूमि होने संबंधी प्रमाणपत्र एवं अंडरटेकिंग विभागीय पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
योजना की शर्तों के अनुसार आवेदक किसान ने पिछले पांच वर्षों में कृषि विभाग से ट्रैक्टर पर अनुदान प्राप्त नहीं किया होना चाहिए। अनुदान पर ट्रैक्टर प्राप्त करने के बाद किसान अगले पांच वर्षों तक उस ट्रैक्टर को बेच नहीं सकेगा।
इस संबंध में किसान को शपथ पत्र भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। परमिट जारी होने के बाद संबंधित किसान को विभाग द्वारा अनुमोदित ट्रैक्टर निर्माताओं से 15 दिन के अंदर ट्रैक्टर खरीदना होगा।
