मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा अब संगठन की मजबूती के लिए यूथ और बूथ को केंद्र में रखकर रणनीति बना रही है। पार्टी की नजर खासतौर पर जेन-जी और युवा मतदाताओं पर है। अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ उन्हें पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों से जोड़ने की कवायद तेज की जाएगी। दूसरी ओर, चुनावी सफलता की बुनियाद माने जाने वाले बूथों को भी हर स्तर पर मजबूत करने की योजना है।
जेन-जी को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर मंथन
परखम में सोमवार को हुई भाजपा की योजना बैठक में इन दोनों विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। चर्चा का केंद्र रहा कि युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच कैसे बढ़ाई जाए और नई पीढ़ी को संगठनात्मक गतिविधियों में किस तरह सक्रिय भागीदारी दी जाए। जेन-जी की बदलती सोच, उनकी आकांक्षाओं और डिजिटल माध्यमों के प्रभाव को देखते हुए उनसे संवाद के नए तरीके तलाशने पर भी जोर रहा।
हर बूथ पर संगठन की पकड़ मजबूत करने की बनी रूपरेखा
वहीं बूथ प्रबंधन को लेकर पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर विचार किया। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी, मतदाताओं से निरंतर संपर्क और स्थानीय मुद्दों की जानकारी रखने जैसे पहलुओं को महत्वपूर्ण माना गया।
भाजपा की रणनीति में यूथ और बूथ का यह मेल चुनावी तैयारी का अहम हिस्सा है। युवा वर्ग को संगठन की ताकत बनाने और बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क खड़ा करने के जरिए पार्टी 2027 के लिए अपनी जमीन तैयार करना चाहती है।
स्मृति ईरानी ने जाना महिलाओं का हालचाल
बैठक में शामिल होने से पहले यहां व्यवस्थाओं में लगी महिलाओं से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हालचाल जाना। बैठक के बाद उनकी मुलाकात भी यहां महिलाओं से हुई तो उन्होंने खाने के बारे में पूछा। कहा कि हम महिलाओं के साथ ही खाएंगे। कुछ महिलाओं को तो उन्होंने नाम लेकर बुलाया।
कढ़ाई पर पहुंच तावड़े ने पिया दूध
भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शाम को भोजन के बाद यहां दूध की कढ़ाई के पास पहुंचे। कुल्हड़ में उन्होंने गर्मागर्म दूध पिया। गो अनुसंधान केंद्र की गोशाला के दूध की तारीफ की और फिर बैठक में आए लोगों को रोक-रोककर दूध पिलाया। शाम को दो बार में भोजन हुआ। पहले उन 54 लोगों ने सादा भोजन रोटी, सब्जी, दाल और रायता का स्वाद लिया, जो बैठक में बुलाए गए थे। इसके बाद व्यवस्था में लगे जिला स्तर के पदाधिकारियों ने भोजन ग्रहण किया।
