देहरादून। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा और यौन अपराधों को लेकर चिंता जताई है। शनिवार को उन्होंने बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता का सवाल उठाते हुए डिफेंस कालोनी स्थित अपने आवास पर एक घंटे का मौन उपवास रखा।
रावत ने अपना यह मौन उपवास अंकिता भंडारी समेत हिंसा और अत्याचार का सामना करने वाली बेटियों को समर्पित किया।मौन उपवास के बाद अपनी बात रखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने दिल्ली की अनामिका और हाल में हल्द्वानी में सामने आई सामूहिक दुष्कर्म की घटना का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि अनामिका अपने परिवार के लिए कुछ करने के अरमान लेकर नौकरी कर रही थी, लेकिन वह सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई और निर्भया की तरह निर्मम तरीके से उसकी हत्या कर दी गई। रावत ने आरोप लगाया कि उसके हत्यारे भी तकनीकी आधार पर बरी हो गए।
उन्होंने कहा कि आए दिन महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। हल्द्वानी के प्रकरण में एबीवीपी से जुड़े कुछ युवकों पर लगे आरोपों का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि समाज किस दिशा में जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर समाज महिला समानता, स्वतंत्रता और अधिकारों की बात करता है, वहीं दूसरी ओर हर पल और हर मोड़ पर महिलाओं की अस्मिता और स्वतंत्रता के सामने खतरे खड़े किए जा रहे हैं। महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए समाज को आत्ममंथन करने की जरूरत है।
रावत ने ईश्वर से समाज और सभी लोगों को ऐसी घटनाओं के खिलाफ खड़े होने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि उनका मौन उपवास उन सभी बेटियों को समर्पित है, जिन्होंने हिंसा और अत्याचार का सामना किया है। इनमें अंकिता भंडारी भी शामिल हैं। अंत में उन्होंने ‘ॐ नम: शिवाय’ के साथ अपनी प्रार्थना व्यक्त की।
