चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने पात्र संविदा कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनके पंजीकरण और रिकॉर्ड सत्यापन की समय-सीमा बढ़ा दी है. हरियाणा संविदा कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 एवं नियम, 2025 के तहत अब पात्र कर्मचारी 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकेंगे.
संविदा कर्मचारियों के पंजीकरण की समय सीमा बढ़ी: मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, कर्मचारियों के पंजीकरण के बाद आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) द्वारा आवेदनों का सत्यापन 15 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा. इसके बाद संबंधित विभागाध्यक्षों को डीडीओ से प्राप्त आवेदनों का सत्यापन 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करना होगा.
पहले 7 अक्टूबर थी समय सीमा: सरकार ने पात्र संविदा कर्मचारियों के रिकॉर्ड सत्यापन के लिए इससे पहले 7 अक्टूबर 2026 को समय-सीमा निर्धारित की थी. हालांकि, कर्मचारियों को पंजीकरण और सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय देने के उद्देश्य से अब संशोधित समय-सारणी जारी की गई है.
ऑनलाइन करें पंजीकरण और रिकॉर्ड सत्यापन: सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए. पात्र कर्मचारी अपना पंजीकरण www.securedemployees.csharyana.gov.in पोर्टल पर करा सकते हैं.
हरियाणा सरकार का कर्मचारियों को बड़ा तोहफा: इससे पहले हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और ग्रामीण सफाई कर्मियों के हित में कई बड़े फैसले किए. सरकार ने कर्मचारियों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बीमा कवर, ग्रेच्युटी और मृत्यु के बाद परिवार को मिलने वाली सहायता में बढ़ोतरी की. इसके अलावा ग्रामीण सफाई कर्मियों के वेतन में भी इजाफा किया गया है. इन फैसलों से हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है.
