दिल्ली एनसीआर में इन दिनों प्रदूषण चरम पर है. दीवाली के बाद हालात और भी बदतर हो गए हैं. कई जगहों पर एक्यूआई में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है. इस पर विपक्ष सरकार को घेर रहा है. वहीं सत्ता पक्ष पंजाब में पराली जलाने को दिल्ली में प्रदूषण का कारण बता रहा है.
पंजाब में पराली जलाने और उससे दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के आरोपों पर अब मुख्यमंत्री भगवंत मान की प्रतिक्रिया सामने आई है. भगवंत मान का कहना है, “हम पहले भी कहते रहे हैं कि पंजाब से धुआं दिल्ली तभी पहुंचेगा जब हवा उत्तर से पश्चिम की ओर कम से कम 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और तब भी उसे वहां पहुंचने में तीन दिन लगेंगे. हवाएं उत्तर से पश्चिम की ओर नहीं चलतीं वे पूर्व से पश्चिम या पश्चिम से पूर्व की ओर चलती हैं. वे हरियाणा के बारे में कुछ क्यों नहीं कहते? हरियाणा पंजाब और दिल्ली के बीच में पड़ता है.”
क्या हमारा धुआं पाकिस्तान तक पहुंच रहा है- भगवंत मान
सीएम भगवंत मान ने क्या पंजाब का धुआं पाकिस्तान के लाहौर तक भी पहुंच रहा है के सवाल पर मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा, “क्या हमारा धुआं भी पाकिस्तान तक पहुंच रहा है?” मान ने दिल्ली के पास मौजूद गाजियाबाद और हरियाणा की ओर भी इशारा किया और कहा कि नेशनल कैपिटल में प्रदूषण के सोर्स पर बात करते समय इन इलाकों में धान की खेती पर भी विचार किया जाना चाहिए.
सरकार के आरोपों पर क्या बोले भगवंत मान?
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सरकार के आरोपों पर कहा, “केंद्र सरकार ने हर बात के लिए पंजाब को दोषी ठहराने की आदत बना ली है. हम अपनी जमीन, पानी और हवा की रक्षा करना बखूबी जानते हैं. हमारी सरकार के सहयोग, मशीनों की उपलब्धता और किसानों की जागरूकता के कारण इस बार पराली जलाने में काफी कमी आई है.”
बता दें कि पंजाब में खेतों में पराली जलाने के कुल मामले बढ़कर 5,517 हो गए हैं. फिरोजपुर, तरनतारन और संगरूर जिलों में ऐसे सबसे अधिक मामले सामने आए हैं. कई किसान फसल अवशेष जलाने से रोकने संबंधी सरकारी परामर्श की अब भी अनदेखी कर रहे हैं. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में मंगलवार को पराली जलाने की 345 नई घटनाएं सामने आईं, जिससे कुल मामले बढ़कर 5,002 हो गए. बुधवार को यह संख्या बढ़कर 5,517 पहुंच गई.
