अयोध्या: राम की पैड़ी पर होने वाले दीपोत्सव के 10वें संस्करण में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक उनका आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस महकमे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे। वह प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन ने राम की पैड़ी, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर और साकेत महाविद्यालय समेत प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा और प्रोटोकॉल की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों ने वीवीआईपी रूट का निरीक्षण किया है। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पूरे मार्ग को सुरक्षित करने की योजना बनाई जा रही है। संभावित दौरे को देखते हुए खुफिया एजेंसियों ने भी सक्रियता बढ़ा दी है।
500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
राम की पैड़ी और सरयू तट से सटे इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी है। आयोजन क्षेत्र में 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही एंटी ड्रोन सिस्टम लगाने की कवायद चल रही है। यातायात, पार्किंग और जनसुविधाओं के लिए भी विशेष योजना तैयार की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, गृहमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद सुरक्षा और आयोजन की अंतिम रूपरेखा जारी की जाएगी।
स्थायी मंदिर बनने के बाद पहली बार आ सकते हैं गृहमंत्री
वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान जनसभा में शामिल होने के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने अस्थायी मंदिर में रामलला के दर्शन किए थे। यदि इस बार उनका अयोध्या दौरा तय होता है तो राम मंदिर निर्माण के बाद वह पहली बार स्थायी मंदिर में रामलला के दर्शन कर सकते हैं।
