शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पंचायतों में वर्षों से चली आ रही पंचायत चौकीदार व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सरकार ने पंचायत चौकीदार श्रेणी के 566 रिक्त पद तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए हैं। इसके साथ ही इस कैडर को डाइंग घोषित कर दिया गया है।
पंचायती राज विभाग के सचिव सी पालरासु की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह आदेश अधिसूचना जारी होने की तिथि से ही पूरे राज्य में प्रभावी हो गए हैं।
पंचायती राज विभाग ने अधिसूचना जारी की
पंचायती राज विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय 20 जुलाई को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक के मद संख्या-61 के तहत लिया गया था। कैबिनेट की हरी झंडी मिलने के बाद अब पंचायती राज विभाग ने औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। भविष्य में पंचायत चौकीदारों के सेवानिवृत होने के बाद इनके स्थान पर मल्टी टास्क वर्करों की सेवाएं ली जाएंगी।
भविष्य में नहीं होगी कोई नई भर्ती
कैडर को डाइंग कैडर घोषित किए जाने का सीधा अर्थ यह है कि अब प्रदेश की ग्राम पंचायतों में पंचायत चौकीदार के पद पर भविष्य में कोई भी नई नियुक्ति या भर्ती नहीं की जाएगी। जो 566 पद वर्तमान में खाली पड़े थे, वे पूरी तरह से खत्म कर दिए गए हैं।
