शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में लागू स्कूल काम्प्लेक्स प्रणाली में संशोधन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। समिति विभिन्न शिक्षक संगठनों से सुझाव लेकर अपनी विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की नीति तय होगी।
25 जुलाई को मुख्यमंत्री और हिमाचल प्रदेश प्राइमरी टीचर फेडरेशन के बीच हुई बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद समिति के गठन का निर्णय लिया गया। समिति में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि सभी पक्षों की राय लेकर सर्वसम्मत समाधान निकाला जा सके।
समिति में कौन होगा
समिति के अध्यक्ष निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली होंगे। अतिरिक्त निदेशक बीआर शर्मा, संयुक्त नियंत्रक (वित्त एवं लेखा) तथा उपनिदेशक स्कूल शिक्षा शांता चौहान (सदस्य सचिव) सहित हिमाचल प्रदेश न्यू टीचर्स एसोसिएशन, प्राइमरी टीचर फेडरेशन, प्रिंसिपल एसोसिएशन, स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन, राजकीय अध्यापक संघ, टीजीटी (साइंस), टीजीटी (आर्ट्स) और सीएंडवी फेडरेशन के प्रतिनिधियों को सदस्य बनाया गया है।
पहली बैठक 5 अगस्त को
समिति की पहली बैठक पांच अगस्त को होगी। इसमें स्कूल काम्प्लेक्स प्रणाली के क्रियान्वयन, प्राथमिक विद्यालयों पर इसके प्रभाव, शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं तथा संभावित संशोधनों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार आगे का निर्णय लेगी।
प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन चौथे दिन भी जारी
इस बीच, प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। बुधवार को मंडी जिला अध्यक्ष बाबूराम कौंडल, महासचिव अतुल लखनपाल, मुकेश पवार, चंद्रमणि ठाकुर और विजय कुमार क्रमिक अनशन पर बैठे।
