देहरादून। जिला कांग्रेस कमेटी ने शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, भर्ती परीक्षाओं के निरस्तीकरण और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रेस वार्ता को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने संबोधित किया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत करने वाले लाखों युवा आज असमंजस और निराशा के दौर से गुजर रहे हैं। बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षाएं रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के कारण अभ्यर्थियों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नकल माफिया और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का सरकारी भर्ती प्रणाली पर भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है। उत्तराखंड में सामने आए भर्ती घोटालों और पेपर लीक मामलों ने हजारों नहीं बल्कि लाखों युवाओं की उम्मीदों को झटका पहुंचाया है।
डॉ. गोगी ने देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा संबंधी अनिश्चितता, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े दबाव के कारण कई छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि युवाओं के प्रति व्यवस्था की संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षाओं के बार-बार निरस्त होने की घटनाएं केवल प्रशासनिक चूक नहीं हैं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार नकल विरोधी कानून को लेकर अपनी उपलब्धियां गिनाती है, वहीं दूसरी ओर भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2017 से अब तक राज्य सरकार ऐसी कोई बड़ी परीक्षा निष्पक्ष रूप से संपन्न नहीं करा पाई, जिस पर किसी प्रकार की अनियमितता या धांधली के आरोप न लगे हों।
उन्होंने पेपर लीक मामलों के कथित मास्टरमाइंड हाकम सिंह का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कमजोर पैरवी के कारण उसे राहत मिली और उसके बाद भी कई मामलों में अनियमितताओं की खबरें सामने आती रहीं। उन्होंने कहा कि वास्तविक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होना जरूरी है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा दौरे के दौरान यह बात सामने आई कि लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भारी आर्थिक बोझ उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के गठन के बाद कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छात्रों का मनोबल प्रभावित हुआ है और उन्हें दोबारा परीक्षाओं का सामना करना पड़ा है।
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केंद्र और राज्य सरकार से मांग करती है कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने मांग की कि नकल माफिया के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाया जाए, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किया जाए तथा प्रतियोगी छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और काउंसलिंग के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं के अधिकारों, रोजगार के अवसरों और उनके उज्ज्वल भविष्य की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सरकार से शिक्षा और भर्ती प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
