चंडीगढ़ : लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS) के संबंध में पंजाब के वकीलों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज ‘जॉइंट एक्शन कमेटी’ के संयोजक एस.एस. कुंदरा के नेतृत्व में पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने LADCS प्रणाली के कारण वकील समुदाय के समक्ष उत्पन्न हो रही समस्याओं और इसके प्रतिकूल प्रभावों से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया तथा उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विस्तार से बताया कि इस नई व्यवस्था के कारण वकीलों के कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जॉइंट एक्शन कमेटी के प्रतिनिधियों ने पंजाब भाजपा अध्यक्ष से आग्रह किया कि इस गंभीर विषय को तत्काल केंद्र सरकार एवं केंद्रीय कानून मंत्री के संज्ञान में लाया जाए। वकीलों ने मांग की कि LADCS प्रणाली पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा पूर्व में लागू पैनल प्रणाली को ही बहाल रखा जाए, ताकि सभी वकीलों को समान रूप से कार्य और अवसर प्राप्त हो सकें।
वकीलों की दलीलों और मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे वकील समुदाय की चिंताओं और मांगों को केंद्र सरकार तथा केंद्रीय कानून मंत्रालय के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
इस अवसर पर पंजाब भाजपा लीगल सेल के संयोजक एडवोकेट एन.के. वर्मा, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट परमप्रीत बाजवा, मोगा बार काउंसिल के अध्यक्ष एडवोकेट अमरिंदर सिंह, एडवोकेट मोहित गर्ग, एडवोकेट प्रवीण रोहिला, एडवोकेट दीपक रोहिला तथा एडवोकेट प्रेमजीत सिंह हुंदल भी उपस्थित रहे।
