देहरादून। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के बंद होने और प्रशिक्षकों का अनुबंध आगे नहीं बढ़ाए जाने के विरोध में जन संघर्ष मोर्चा ने राज्य सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आर.के. सुधांशु से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
रघुनाथ सिंह नेगी ने बताया कि प्रदेश के 200 विद्यालयों और 28 स्पोक विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम का अनुबंध 31 मार्च 2026 को समाप्त हो गया था। इसके बाद तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कार्यक्रम का नवीनीकरण नहीं किया गया है। इसके चलते 296 व्यावसायिक प्रशिक्षक बेरोजगार हो गए हैं, जबकि लगभग 25 से 30 हजार विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
नेगी ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को कौशल आधारित और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाता है। इसके बंद होने से जहां प्रशिक्षकों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है, वहीं हजारों छात्रों का भविष्य भी अनिश्चितता में पड़ गया है।
जन संघर्ष मोर्चा ने राज्य सरकार से व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम को तत्काल दोबारा शुरू करने और सभी प्रशिक्षकों का अनुबंध शीघ्र बढ़ाने की मांग की है। प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आर.के. सुधांशु ने प्रतिनिधिमंडल को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
