देहरादून। उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन एवं डेस्टिनेशन वेडिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से HINDUSTHAN 2.0 – राष्ट्रीय चिंतन शिविर एवं एक्सपो का आयोजन 15 और 16 जुलाई को पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट, देहरादून में किया जाएगा। दो दिवसीय इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
इस सम्मेलन में देशभर के वेडिंग, इवेंट, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि, नीति-निर्माता तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां भाग लेंगी। इस वर्ष सम्मेलन की थीम “Wed in Uttarakhand” रखी गई है।
सम्मेलन में उत्तराखंड के धार्मिक, आध्यात्मिक, वेलनेस, ग्रामीण, प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ राज्य को डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पसंदीदा स्थान बनाने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक “दून डिक्लेरेशन” के तहत “चलो गाँव की ओर” संकल्प लेंगे। इसके माध्यम से ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे, जैविक खेती, स्थानीय हस्तशिल्प, लोककला और पारंपरिक संस्कृति को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। इसके साथ ही “Journey in Himalaya” जैसे एकीकृत पर्यटन मॉडल पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा, जिससे राज्य में पर्यटकों के ठहराव की अवधि बढ़ाने और पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को गति देने की दिशा में काम किया जा सके।
15 जुलाई को आयोजित विशेष सत्र “Wed in Uttarakhand” में उत्तराखंड को देश और विदेश के प्रमुख डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा।
वहीं, 16 जुलाई को आयोजित BITA Awards 2026 समारोह में वेडिंग और पर्यटन उद्योग में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में रितुराज खन्ना, डॉ. आशीष सेमवाल, गुंजन सिंघल और जयदीप मेहता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन के माध्यम से उत्तराखंड की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर नई पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।
