चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में बढ़ते नशे के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि राज्य का सबसे बड़ा संकट नशाखोरी है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनते ही नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिस दिन भाजपा सरकार बनेगी, उसी दिन से नशा बेचने वाले पंजाब छोड़कर चले जाएंगे।
रविवार को लुधियाना में धानक समाज द्वारा संत कबीर के 628वें प्रकट दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने संत कबीर भवन के निर्माण के लिए 11 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
उन्होंने संत कबीर को सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का सबसे बड़ा संदेशवाहक बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संत कबीर की वाणी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक जिले में संत प्रकाश पर्व मना रही है।
नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता से किए गए वादों का आधा भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है और युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर कानून व्यवस्था मजबूत करने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और संत कबीर के दिखाए समरसता के मार्ग पर पंजाब को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के शिक्षा, संगठन और संघर्ष के संदेश का भी उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को स्थायी रूप से सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
