रुद्रपुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को मनोज सरकार स्टेडियम से “रन फॉर योगा” दौड़ और नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति लोगों को जागरूक करना और नशामुक्त समाज की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा। “रन फॉर योगा” को राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
इस दौड़ प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बेहतरीन प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में हिमेश राजपूत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि केवल चमियाल दूसरे और युवराज जोशी तीसरे स्थान पर रहे। भरत कुमार चौथे, गणेश सिंह पांचवें और विजय सिंह छठवें स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में गौरी मनोहरिया ने प्रथम स्थान हासिल किया, आयुषी कश्यप द्वितीय और पल्वी मोहन्तो तृतीय स्थान पर रहीं। प्रीति चौथे, आरती पांचवें और सिद्धी छठवें स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
योग को जीवनशैली बनाने का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है, जिसे दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक विकास में भी सहायक होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में “रन फॉर योगा” जैसी पहलें युवाओं को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नियमित योग अभ्यास से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी
इस आयोजन में 350 से अधिक युवाओं, बच्चों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यक्रम में ऊर्जा और जागरूकता का माहौल देखने को मिला।
विभिन्न अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी जनकी कार्की, जिला युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत, जिला मंत्री भाजपा प्रमोद मित्तल, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक सरकार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा नोडल अधिकारी डॉ. बीरेन्द्र सिंह रौतेला, डॉ. महेश जोशी, डॉ. भावना जोशी, डॉ. सुरेन्द्र कुमार पपनेजा, डॉ. धर्मेन्द्र सोनी, डॉ. मंजू मिश्रा, डॉ. मीना अधिकारी, डॉ. ऋषि गुप्ता सहित अनेक चिकित्सक, योग अनुदेशक और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
