शिमला। दीपावली के अवसर पर हिमाचल की दो प्रमुख सहकारी विपणन संस्थाओं ने अपने कर्मचारियों को आर्थिक सौगात दी है। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ (हिमफेड) ने कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वेतन संशोधन के एरियर के रूप में 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। ये पांच वर्षों से नहीं मिला था।
कार्यरत कर्मचारियों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) भी मिलेगा। इससे करीब 365 कर्मचारियों व सेवानिवृत्तों को लाभ मिलेगा। वहीं कैलाश जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ (केडीएफ) शिमला ने अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) और दिवाली बोनस देने का फैसला लिया है। दो सहकारी संस्थाओं के इन फैसलों से कर्मचारियों को त्योहार पर राहत मिली है।
कर्मचारियों को डीए और दिवाली बोनस देने का फैसला
हिमफेड के अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान ने दीपावली पर एरियर के साथ कार्यरत कर्मचारियों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संगठन की प्रगति में कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है और उनके हितों का ध्यान रखना प्राथमिकता है।
उधर केडीएफ के अध्यक्ष बलदेव सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में छह नवंबर को हुई निदेशक मंडल की बैठक में कर्मचारियों को डीए और दिवाली बोनस देने का निर्णय लिया गया। बैठक में नियमितीकरण और पदोन्नति के लंबित मामलों पर भी पहल की गई है।
इनके अध्ययन के लिए उपसमिति गठित की गई है।जो एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट निदेशक मंडल को सौंपेगी।केडीएफ ने आम लोगों को बेहतर राशन सुविधा देने के लिए नई उचित मूल्य की दुकानें खोलने और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार करने का भी निर्णय लिया है।
