शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शहरी निकाय चुनाव में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन रहा है। 4 नगर निगम सहित 53 शहरी निकाय में यह चुनाव हुआ था जिसमें से 29 में कांग्रेस जीती है, जबकि भाजपा को केवल 21 में जीत मिली है 3 पर बराबरी रही है।
इस तरह कांग्रेस भाजपा से 8 सीट आगे निकल गई है। ओक ओवर में सांय सवा छह बजे पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव परिणामों में सबसे बड़ा योगदान कांगड़ा, कुल्लू, चंबा और शिमला जिलों से मिला, जहां कांग्रेस ने भाजपा की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने फिर से दोहराया कि भाजपा पांच गुटों में बंटी है और जयराम स्वयं को नेता के तौर पर स्थापित करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।
मंडी की जीत में सुखराम का प्रभाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी की जीत के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बड़े बड़े दावे कर रहे हैं, जबकि सच्चाई ये है कि उनका इस जीत में कोई योगदान नहीं है। पंडित सुखराम का प्रभाव यहां है जिसके कारण यहां भाजपा जीती है।
भाजपा विधायक अनिल शर्मा जो पहले कांग्रेस में थे उन्हें जयराम सरकार में पहले मंत्री बनाया बाद में हटा दिया। मुख्यमंत्री ने जयराम पर पलटवार करते हुए कहा कि वह जनता को गुमराह करना बंद करें, अगले चुनाव में अपने आसपास की सीटों को भी बचा कर रखे।
हमारे 2400 प्रधान व 2300 उप प्रधान जीते
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2400 प्रधान व 2300 उप प्रधान कांग्रेस विचारधारा के जीते हैं। भाजपा को इनमें करारी हार मिली है। राज्य सरकार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुरू की योजना पर मुहर लगाई है।
सोलन में नहीं थी हार की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें दो नगर निगम में जीत की उम्मीद ही थी। सोलन में हार का कारण कुछ टिकट काटना भी रहा है। कांग्रेस ने यहां अनुशासन बनाने के लिए कुछ बागियों के टिकट काटे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर से अच्छा प्रदर्शन बिंदल गुट का रहा है।
यह अपने रसूख का चुनाव होता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छोटा चुनाव होता है। प्रत्याशी के व्यक्तिगत रसूख पर भी निर्भर करता है। चूले तक की बाते आती है। मैंने भी पार्षद का चुनाव जीता है मैं जानता हूं।
जिला वार प्रदर्शन
जिला, कांग्रेस, भाजपा, बराबरी
हमीरपुर, 2, 0, 0
ऊना, 2, 3, 1
कांगड़ा, 7, 1, 0
कुल्लू, 4, 1, 0
मंडी, 3, 3, 1
सिरमौर, 2, 1, 0
शिमला, 6, 3, 1
बिलासपुर, 0 4, 0
सोलन, 0, 5, 0
चंबा, 3, 0, 0
