उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को नगर पालिका परिषद, जसपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ कर्मचारी कई दिनों से कार्यालय नहीं आ रहे थे।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में मदिरा सेवन से संबंधित सामग्री भी मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने इसे सरकारी कार्यालय की गरिमा के विपरीत बताते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की नियमानुसार जांच कराने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या कार्यालय की गरिमा के विपरीत आचरण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि कोई अधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन नहीं करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
