पंजाब के लुधियाना स्थित हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आखिरकार नियमित उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। 15 मई 2026 का दिन राज्य के एविएशन इतिहास में खास बन गया, जब दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट सुबह 7:05 बजे हलवारा एयरपोर्ट पर उतरी। एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-481 के पहुंचते ही एयरपोर्ट पर जश्न जैसा माहौल देखने को मिला। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने विमान को वाटर कैनन सलामी दी, जबकि यात्रियों का स्वागत पंजाबी लोकनृत्य गिद्धा और भंगड़े के साथ किया गया। एयरपोर्ट परिसर में पारंपरिक पंजाबी संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस ऐतिहासिक मौके पर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, राज्यसभा सांसद बिक्रमजीत सिंह साहनी, उद्योगपति राजिंदर गुप्ता और भाजपा नेताओं समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पहली फ्लाइट से कुल 71 यात्री दिल्ली से हलवारा पहुंचे। इसके बाद यही विमान एआई-482 बनकर सुबह 7:55 बजे हलवारा से दिल्ली के लिए रवाना हुआ, जिसमें केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू समेत 99 यात्री सवार रहे। दिन की दूसरी फ्लाइट एआई-483 से दिल्ली से 40 यात्री हलवारा पहुंचे, जबकि हलवारा से दिल्ली जाने वाली आखिरी फ्लाइट एआई-484 में केवल 20 यात्रियों ने सफर किया। एयर इंडिया अब हलवारा एयरपोर्ट से रोजाना दो फ्लाइट्स संचालित करेगी। दिल्ली से हलवारा का सफर लगभग 1 घंटा 15 मिनट में पूरा होगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट से कम से कम 90 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचें। उड़ान से एक घंटा पहले टर्मिनल एंट्री बंद कर दी जाएगी।
हलवारा एयरपोर्ट शुरू होने के साथ ही लुधियाना का साहनेवाल एयरपोर्ट अब बंद कर दिया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अपने कर्मचारियों को हलवारा शिफ्ट कर दिया है, वहीं एयर इंडिया ने भी अपने स्टाफ की तैनाती नए एयरपोर्ट पर कर दी है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 फरवरी को हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया था। हालांकि एयरपोर्ट के उद्घाटन और पहली उड़ान के कार्यक्रम से आम आदमी पार्टी ने दूरी बनाए रखी। स्थानीय विधायक हाकम सिंह ठेकेदार और ब्लॉक प्रधान रमेश जैन कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
वहीं कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ईडी द्वारा गिरफ्तार होने के बाद इस कार्यक्रम का राजनीतिक रंग भी देखने को मिला। बताया जा रहा है कि संजीव अरोड़ा पहली फ्लाइट से हलवारा आने वाले थे और उन्होंने अपनी पत्नी के साथ टिकट भी बुक कराई थी। लेकिन गिरफ्तारी के बाद उनके 40 से अधिक समर्थकों ने अपनी टिकटें रद्द कर दीं और कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
