पटना: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को पूरे परिवार के साथ पटना पहुंचे. जहां उन्हेंने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में परिवार सहित मत्था टेका, इस दौरान उन्होंने पंजाब में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए बनाए गए विशेष कानून को सफल बनाने की कामना की.
भाजपा पर सांसदों को तोड़ने का आरोप: भगवंत मान ने पटना पहुंचते ही भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा गलत तरीके से काम कर रही है और आम आदमी पार्टी के सांसदों को अपने साथ ले गई है. इस मुद्दे पर उन्होंने राष्ट्रपति से शिकायत भी की है.
लोकतंत्र की हत्या का आरोप: मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भाजपा दूसरे दलों के सांसदों और विधायकों को खरीदने तथा पार्टी तोड़ने का धंधा छोड़ दे. उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए कहा कि भाजपा को देश के विकास पर ध्यान देना चाहिए. आम आदमी पार्टी के सांसदों के भाजपा में जाने को उन्होंने गंभीर लोकतांत्रिक संकट बताया.
पंजाब में SIR में नहीं होने देंगे गड़बड़ी: भगवंत मान ने बिहार और पश्चिम बंगाल में हुए विशेष सशक्त समीक्षा (SIR) का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में ऐसा नहीं होने देंगे. उन्होंने साफ किया कि सही वोटरों का नाम नहीं काटने देंगे. पंजाब में सही मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जाएगी.
राष्ट्रपति से की शिकायत: मान ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति से मुलाकात कर इस पूरे मामले में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने भाजपा की कथित गतिविधियों को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया. पंजाब सरकार इस तरह की किसी भी गतिविधि का पुरजोर विरोध करेगी.
“भाजपा के लोग गलत तरीके से दूसरे पार्टी के सांसद और विधायक को तोड़ने में लगे हुए हैं, जो कि ठीक नहीं है. यह लोकतंत्र की हत्या है. भाजपा के खिलाफ हमने राष्ट्रपति से भी शिकायत की है. बिहार और बंगाल की तरह हम पंजाब में SIR में गड़बड़ी नहीं होने देंगे, सही वोटर का नाम नहीं काटने देंगे.”– भगवंत मान, मुख्यमंत्री, पंजाब
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर जोर: गुरुद्वारे में मत्था टेकने के दौरान भगवंत मान ने पंजाब में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानून को मजबूत बनाने की कामना की. उन्होंने कहा कि पंजाब की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत की रक्षा उनकी सरकार की प्राथमिकता है.
पटना दौरा जारी: मुख्यमंत्री का पूरा परिवार पटना में उनके साथ मौजूद है. पटना सिटी गुरुद्वारे में पूजा-अर्चना के बाद भगवंत मान आगे के कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इस दौरान पंजाब-बिहार संबंधों और राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है.
