मोहाली। पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने मोहाली में रोष प्रदर्शन किया।
आप नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्र की जांच एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है और विरोधी दलों के नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी भी राजनीतिक बदले की भावना का हिस्सा है। आम आदमी पार्टी लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और पंजाब के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।
रोष प्रदर्शन के तहत पार्टी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में फेज-7 के चावला लाइट प्वॉइंट पर इकट्ठा हुए। उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ रोष जताया गया।
आप नेताओं ने कहा कि भाजपा पंजाब में डर, दबाव और प्रतिशोध की राजनीति को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदेश के लोग ऐसी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे। पंजाब के लोग लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।
प्रदर्शन के जरिए आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया कि वह अपने नेताओं के खिलाफ होने वाली कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध मानती है और इसके विरोध में सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
