चंडीगढ़। हरियाणा में कॉन्स्टेबल के 5500 पदों के लिए तीन लाख युवाओं के शारीरिक माप परीक्षण (PMT) की तैयारी है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने खेल विभाग को पत्र लिखकर पंचकूला स्टेडियम में दो हॉल रिजर्व किए हैं।
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि स्पोर्ट्स कोटा के अभ्यर्थियों का पीएमटी व पीएसटी एक साथ आयोजित किया जाएगा।
अब हिम्मत सिंह ने खेल विभाग के निदेशक को एक पत्र लिखकर पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बास्केटबॉल तथा वालीबॉल हाल को आरक्षित करने के लिए कहा है। इन दोनों हाल में ही पुलिस कॉन्स्टेबल अभ्यर्थियों के लिए पीएमटी व पीएसटी का आयोजन किया जाएगा।
एक मार्च से लेकर 31 मार्च तक बास्केटबॉल तथा वालीबॉल हाल को आरक्षित किया जाएगा। आयोग ने इसके लिए खेलकूद विभाग से संयोजक नियुक्त करने की भी मांग की है, जिस पर विभाग की तरफ से स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। हिम्मत सिंह ने शनिवार को ‘एक्स’ पर बताया कि पीएमटी को लेकर एक पत्र वायरल हो रहा है। इसके बाद प्रदेश भर से अभ्यर्थियों के फोन आ रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पत्र पूरी तरह से सही है। आयोग बहुत जल्द पीएमटी शुरू करने जा रहा है। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पीएमटी तथा पीएसटी को लेकर आयोग की अधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत सूचना दी जाएगी। इसके बाद अपने अपने क्रम अनुसार युवा पंचकूला आकर पीएमटी में शामिल हो सकते हैं।
